Atal Tunnel Weather News

शुक्रवार से हिमाचल प्रदेश में मौसम बिगड़ रहा है। यही कारण है कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एक बार फिर से मुश्किल खड़ी हो गई है। शनिवार सुबह लाहौल की समस्त घाटी सहित मनाली के पर्यटन स्थल अटल टनल, सोलंगनाला, अंजनी महादेव, फातरु कोठी और गुलाबा में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है।

मनाली शहर में सुबह से बारिश का क्रम जारी है। लेकिन आठ बजे के बाद यहां भी बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। मौसम को देखते हुए मनाली पुलिस ने वाहनों को सोलंगनाला से आगे जाने पर रोक लगा दी है। पर्यटकों को सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति है लेकिन मौसम के तेवर ऐसे ही रहे तो पर्यटकों को नेहरू कुण्ड तक ही भेजा जाएगा।

लगभग दो सप्ताह मौसम साफ रहने के बाद फिर से मौसम ने करवट बदल ली है। इस बार दिसंबर और जनवरी ने निराश किया लेकिन फरवरी और मार्च में भारी हिमपात हुआ है जिससे सभी दर्रों में बर्फ के ढेर लग गए हैं। हिमपात देरी से होने से इस बार लाहौल घाटी में फसलों की बीजाई में भी देरी हुई है।

रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा, कुंजम और शिंकुला में भरी हिमपात का क्रम शुरू हो गया है। हिमपात से बीआरओ की सड़क बहाली भी प्रभावित हुई है। बीआरओ ने शिंकुला दर्रे के दोनों छोर जोड़ दिए हैं लेकिन हिमपात से अब जंस्कार से मनाली के बीच वाहनों की आवाजाही में देरी हो सकती है। मनाली सरचू लेह मार्ग में भी भारी हिमपात से सड़क बहाली की रफ्तार थम गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *