Himachal News

Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि चुनी हुई सरकार को गिराना कहीं भी जनहित में नहीं है। केंद्र सरकार इसका लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने निर्दलीय विधायकों के त्यागपत्र पर भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि निर्दलीय विधायकों ने जनभावना का ख्याल नहीं रखा। मतदाताओं ने उन्हें निर्दलीय जीत दर्ज करवाई थी, ऐसे में उन्हें त्यागपत्र देने की जरूरत नहीं थी। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नोट के दम पर निर्दलीय विधायकों ने अपना ईमान गिरवी तो नहीं रखा, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक हेलिकाप्टर और सुरक्षा घेरे में घूम रहे हैं। धन का दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। निर्दलीय विधायकों के त्यागपत्र से सीधे तौर पर जनभावनाओं से खिलवाड़ हुआ है। भाजपा को जब लोकतंत्र में वोट से सत्ता नहीं मिलती, तो नोट की ताकत से सत्ता हासिल करने का प्रयास किया जाता है।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के खातों पर कार्रवाई की गई है। इनकम टैक्स ने कांग्रेस कमेटी के खातों को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई लोकसभा चुनाव से ठीक पहले की गई है। चुनाव जीतने के लिए केंद्र सरकार इस तरह के हथकंडे अपना रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अखिल भारतीय कांगे्रस कमेटी के खाते में जो रकम जमा होती है, उसका टैक्स कटता है। रिटर्न में एक-एक पाई का हिसाब इनकम टैक्स विभाग को जाता है। लोकतंत्र के लिए खाते सीज करने की व्यवस्था सही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *