Sirmour Breaking News

Sirmour Breaking News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के अरट गांव में एक दर्दनाक घटना हुई, जहां एक 62 वर्षीय चरवाहा लायक राम ने तेंदुए से भिड़कर अपनी बकरी की जान बचाने की कोशिश की। घटना उस समय की है जब लायक राम रोज की तरह जंगल में बकरियां चरा रहे थे। अचानक एक तेंदुए ने उनकी बकरी पर हमला कर दिया। लायक राम ने बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए पर झपटकर बकरी को बचा लिया, लेकिन बकरी तेंदुए के हमले से घायल हो गई और उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना के बाद लायक राम अपनी बकरियों के साथ घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में अचेत होकर गिर गए। उन्हें तुरंत संगड़ाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

लायक राम पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष मेलाराम शर्मा के चचेरे भाई थे। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां छोड़ गए हैं। उनका इलाज शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में चल रहा था, जहां उन्हें पहले स्टंट भी डाला गया था।

इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। आज उनका अंतिम संस्कार किया गया। लायक राम का तेंदुए से बकरी को बचाने का साहस उनके पशुओं के प्रति प्रेम को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *