Khabri Mama - Himachal Local News in Hindi
Kangra breaking News:कांगड़ा घाटी में सैलानियों की संख्या बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। धर्मशाला में पहली बार आयोजित होने वाले कांगड़ा वैली कार्निवल की तैयारी जोरों पर है। यह मेगा इवेंट 28 सितंबर से 13 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, फैशन शो और ड्रोन शो जैसे आकर्षक आयोजन होंगे।
उपायुक्त कांगड़ा, डॉ. हेमराज बैरवा की अगुवाई में इस कार्निवल को सफल बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। पुलिस मैदान में आयोजित होने वाले इस इवेंट में हिमाचली, पंजाबी और बॉलीवुड कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक मनिंद्र बटर, 29 सितंबर को गजेंद्र वर्मा और 30 सितंबर को हिमाचली कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा, 1 अक्टूबर को रशमीत कौर और 2 अक्टूबर को केरल का बहुशैली संगीत बैंड थाई कुडम अपनी प्रस्तुति देंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुख्खू के ‘कांगड़ा को पर्यटन राजधानी’ बनाने के सपने को साकार करने के लिए यह कार्निवल एक अहम कदम माना जा रहा है।