Chamba Local Updates

Chamba Local Updates: शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बनीखेत के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर आयोजित जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले में भाग लिया। उन्होंने भूरू नाग मंदिर पधर में पूजा-अर्चना करके इस चार दिवसीय मेले का औपचारिक शुभारंभ किया। शोभायात्रा लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से शुरू होकर भूरू नाग मंदिर पधर तक पहुँची।

पठानिया ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के नाम से प्रसिद्ध है और यहाँ के मेले और उत्सव प्रदेश की संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये आयोजन न केवल लोक परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति लोगों की आस्था और सामाजिक सौहार्द को भी दर्शाते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि भूरू नाग मंदिर एक ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है और यहाँ का आषाढ़ नाग मेला विशेष महत्त्व रखता है। प्रदेश सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

इस दौरान, एसडीएम डलहौजी एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव कौशल, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान अरुण राणा, मेला आयोजन समिति के सदस्य संदीप कुमार, विश्वजीत सिंह, राजकुमार शर्मा, अभिनव ठाकुर, ध्रुव पठानिया, सुरेश शर्मा, नवीन शर्मा, डीएसपी सलूणी रंजन शर्मा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, तहसीलदार रमेश चौहान और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *